झारखंड
⚡ BREAKING
JSLPS आजीविका कैडर की समस्याओं को लेकर विधायक प्रदीप प्रसाद से मिलीं बहनें
मानदेय वृद्धि, यात्रा भत्ता, PF, बीमा और सामाजिक सुरक्षा समेत विभिन्न मांगों पर विधायक ने दिया समाधान का भरोसा
हजारीबाग। हजारीबाग विधायक प्रदीप प्रसाद ने समाहरणालय परिसर में JSLPS के अंतर्गत कार्यरत आजीविका कैडर की बहनों से मुलाकात कर उनकी विभिन्न समस्याओं और मांगों को गंभीरता से सुना। इस दौरान BRP-LH, ASK/GRCC, GCRP, Bank Sakhi, FLCRP, BDSP/CRP-EP, नवजीवन सखी, सेतु दीदी एवं JRP सहित विभिन्न कैडर की प्रतिनिधियों ने अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं।
आजीविका कैडर की बहनों ने मानदेय में वृद्धि, कार्य के दौरान मिलने वाली सुविधाओं, यात्रा भत्ता, सामाजिक सुरक्षा और भविष्य की सुरक्षा से जुड़ी मांगें रखीं। प्रमुख मांगों में ₹1,000 प्रतिदिन के हिसाब से ₹26,000 प्रतिमाह मानदेय, यात्रा भत्ता, स्टेशनरी, पेट्रोल एवं मोबाइल रिचार्ज के लिए ₹3,000 प्रतिमाह कार्य एवं संचार भत्ता शामिल है।
इसके अलावा सभी BRP-LH को ETA में शामिल कर HR Policy के तहत सुविधाएं देने, Provident Fund और बीमा सुरक्षा उपलब्ध कराने, मानदेय का भुगतान सीधे व्यक्तिगत बैंक खातों में करने तथा हर वर्ष मानदेय में 10 से 15 प्रतिशत की वृद्धि का प्रावधान करने की मांग की गई। JSLPS की विभिन्न रिक्तियों में BRP-LH के लिए 60 प्रतिशत आरक्षण की मांग भी उठाई गई।
विधायक प्रदीप प्रसाद ने कहा कि आजीविका कैडर की बहनें ग्रामीण क्षेत्रों में स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि उनके श्रम और जिम्मेदारियों को देखते हुए उनकी मांगों पर सरकार को संवेदनशीलता से विचार करना चाहिए।
विधायक ने राज्य सरकार से मांगों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार कर शीघ्र समाधान की दिशा में ठोस पहल करने का आग्रह किया।