ब्रेकिंग
झारखंड

AI रोबोट से 100 से अधिक विद्यार्थियों व शिक्षकों का नि:शुल्क दंत परीक्षण

Shashi Kant 25 Jul 2026, 04:40 PM 329 views
AI रोबोट से 100 से अधिक विद्यार्थियों व शिक्षकों का नि:शुल्क दंत परीक्षण
मिलेनियम पब्लिक स्कूल में आयुष्मान डेंटल क्लीनिक व डॉ. केडीएमआर फाउंडेशन का शिविर, दो मिनट में तैयार हुई AI डेंटल रिपोर्ट
हजारीबाग। मिलेनियम पब्लिक स्कूल, पबरा रोड, हजारीबाग में शनिवार को आयुष्मान डेंटल क्लीनिक एवं डॉ. केडीएमआर फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में नि:शुल्क दंत जांच शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान आधुनिक एआई डेंटल रोबोट की सहायता से 100 से अधिक विद्यार्थियों एवं शिक्षकों का नि:शुल्क दंत परीक्षण किया गया। हजारीबाग में इस तरह की तकनीक के माध्यम से आयोजित यह पांचवां डेंटल जांच शिविर रहा। शिविर में एआई रोबोटिक तकनीक के जरिए बच्चों के दांतों की जांच कर टेढ़े-मेढ़े दांत, पायरिया, दांतों में गंदगी तथा अन्य दंत समस्याओं की पहचान की गई। विशेष बात यह रही कि प्रत्येक विद्यार्थी की जांच के बाद मात्र दो मिनट में एआई आधारित रिपोर्ट तैयार कर संबंधित अभिभावकों के व्हाट्सएप नंबर पर भेज दी गई, जिससे उन्हें बच्चों के दंत स्वास्थ्य की सटीक जानकारी तत्काल उपलब्ध हो सकी। इस अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को नि:शुल्क टूथब्रश और टूथपेस्ट का वितरण भी किया गया। साथ ही दांतों की सही देखभाल, नियमित ब्रश करने और समय-समय पर दंत परीक्षण कराने के प्रति जागरूक किया गया। आयुष्मान डेंटल क्लीनिक के निदेशक डॉ. संजय कुमार कुशवाहा ने कहा कि स्वस्थ दांत अच्छे स्वास्थ्य की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी बच्चों को प्रतिदिन सुबह-शाम दो बार ब्रश करने तथा नियमित अंतराल पर दंत जांच कराने की सलाह दी। उन्होंने यह भी घोषणा की कि मिलेनियम पब्लिक स्कूल के सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों को भविष्य में नि:शुल्क दंत परामर्श एवं कम खर्च में उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक हमजा पीएम, एडमिन साकिब अख्तर एवं शिक्षकों ने डॉ. संजय कुमार कुशवाहा, डीएच जीशान फ़ज़ल, डी. फार्मा प्रियांशु कुमार, जावेद अख्तर, मो. शहनवाज एवं विष्णु प्रजापति का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा सफल आयोजन के लिए आभार व्यक्त किया। आयुष्मान डेंटल क्लीनिक का पता: नवाबगंज, गली नंबर-03, नियर वन प्वाइंट अल्ट्रासाउंड, हजारीबाग (झारखंड)।