ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

हजारीबाग में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना कार्यालय का शुभारंभ, सांसद मनीष जायसवाल ने किया उद्घाटन

Shashi Kant 09 Jul 2026, 02:44 PM 344 views
हजारीबाग में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना कार्यालय का शुभारंभ, सांसद मनीष जायसवाल ने किया उद्घाटन
'सोलर अपनाएं, बिजली बिल करें शून्य'— ₹78 हजार तक की सब्सिडी का लाभ उठाने की अपील
हजारीबाग। शहर के बंशीलाल चौक स्थित मंगल बाजार के समीप गुरुवार को प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के कार्यालय का उद्घाटन हजारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद मनीष जायसवाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक, जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजना की विशेषताओं और लाभों की जानकारी देते हुए लोगों से अधिक से अधिक संख्या में इसका लाभ उठाने की अपील की गई। कार्यक्रम के दौरान योजना के फ्रेंचाइजी हेमंत कुमार ने सांसद मनीष जायसवाल का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। वहीं सांसद ने योजना के प्रथम लाभार्थी सुनील केशरी को सम्मानित किया। इस दौरान कई लोगों ने अपने घरों में सोलर रूफटॉप सिस्टम लगवाकर बिजली बिल को शून्य करने की इच्छा भी जताई। अपने संबोधन में सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना ऊर्जा आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाने से बिजली बिल लगभग समाप्त किया जा सकता है। यदि आवश्यकता से अधिक बिजली का उत्पादन होता है, तो उसे विद्युत विभाग को बेचकर अतिरिक्त आय भी अर्जित की जा सकती है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार इस योजना के तहत पात्र लाभार्थियों को ₹78 हजार तक की सब्सिडी उपलब्ध करा रही है, जिससे सोलर सिस्टम लगाना पहले की तुलना में काफी आसान हो गया है। कार्यक्रम में नीलेंदु जयपुरियार ने कहा कि योजना के अंतर्गत मिलने वाली सब्सिडी भविष्य में समाप्त हो सकती है। इसलिए हजारीबाग के लोगों को समय रहते आवेदन कर इस योजना का लाभ उठाना चाहिए। समारोह में राहुल राणा, राजीव सिन्हा, प्रभात कुमार सहित कई लाभार्थी एवं बबलू सिंह, विजय श्री, हरीश श्रीवास्तव, के.पी. ओझा, किशोरी राणा, रंजन चौधरी, सिब्रोटी चटर्जी, सुनील सिन्हा, अमरेंद्र कुमार, पंचम, विशाल, सनी समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।