ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

कुम्हार टोली में बही भक्ति की बयार, संकट मोचन हनुमान मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा शुरू

Shashi Kant 16 Sep 2026, 01:07 PM 84 views
कुम्हार टोली में बही भक्ति की बयार, संकट मोचन हनुमान मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा शुरू
सुनील कुमार अग्रवाल व सोमा डे अग्रवाल के आयोजन में सात दिवसीय कथा ज्ञान यज्ञ, वृंदावन से पहुंचे ब्रह्मऋषि देवदास जी महाराज सुना रहे संगीतमय कथा
हजारीबाग। कुम्हार टोली स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में बुधवार को सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा ज्ञान यज्ञ का विधिवत शुभारंभ हुआ। कथा का आयोजन सुनील कुमार अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी सोमा डे अग्रवाल द्वारा कराया जा रहा है। आयोजन का उद्देश्य श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा के माध्यम से आध्यात्मिक ज्ञान, संस्कार और भक्ति से जोड़ना है। कथा के प्रथम दिन आयोजनकर्ता परिवार के आवास पर आचार्यों के सान्निध्य में विधि-विधान के साथ गणेश पूजन, पंचदेव पूजन एवं नवग्रह पूजन कराया गया। इसके बाद महिलाओं ने कलश यात्रा निकाली, जो संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर पहुंची। मंदिर परिसर में विधिवत वेदी निर्माण के साथ पूजन-अनुष्ठान संपन्न कराया गया। इसके उपरांत दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन हुआ। श्रीधाम वृंदावन से पहुंचे ब्रह्मऋषि देवदास जी महाराज अपने संगीतमय प्रवचन के माध्यम से श्रद्धालुओं को श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करा रहे हैं। उनके साथ पांच आचार्य—केशव जी, आदेश जी, अरविंद जी, आशीष जी एवं कान्हा जी—भी धार्मिक अनुष्ठान में अपनी भूमिका निभा रहे हैं। कथा के दौरान भजनों एवं भक्तिमय प्रस्तुतियों से पूरा मंदिर परिसर भक्तिरस में सराबोर हो गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने कथा का श्रवण कर आध्यात्मिक वातावरण का आनंद लिया। आयोजकों के अनुसार श्रीमद्भागवत कथा 16 से 22 सितंबर तक प्रतिदिन दोपहर तीन बजे से शाम छह बजे तक आयोजित होगी। उन्होंने हजारीबाग शहर के सभी धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं से सपरिवार कथा में शामिल होकर श्रीमद्भागवत का श्रवण करने और आध्यात्मिक ज्ञान की गंगा में डुबकी लगाने की अपील की है।