झारखंड
⚡ BREAKING
सीसीएल गिद्दी 'ए' क्रेशर में फायरिंग, युवक के पैर में लगी दो गोलियां
शाम 6:30 बजे हेलमेट पहने तीन बदमाशों ने की वारदात, घटनास्थल पर धमकी भरी पर्ची छोड़ फरार; पुलिस ने नाकेबंदी कर शुरू की जांच
गिद्दी (रामगढ़): सीसीएल गिद्दी 'ए' क्रेशर परिसर में शनिवार शाम करीब 6:30 बजे अज्ञात हथियारबंद बदमाशों द्वारा की गई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना में करण कुमार (18 वर्ष), पिता राजू दास, निवासी हनुमान चौक, गिद्दी, के पैर में दो गोलियां लगीं। घायल युवक को तत्काल गिद्दी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हेलमेट पहने तीन युवक एक मोटरसाइकिल से घटनास्थल के करीब पहुंचे। उन्होंने अपनी बाइक लगभग 500 मीटर दूर खड़ी की और पैदल क्रेशर के पास पहुंचकर फायरिंग शुरू कर दी। फायरिंग के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटनास्थल से एक पर्ची भी बरामद होने की बात सामने आई है। पर्ची में आनंद जैन का नाम लिखते हुए उन्हें "मैनेज" करने की चेतावनी दी गई है तथा ऐसा नहीं होने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी गई है।
घटना के बाद गिद्दी पुलिस तत्काल सक्रिय हो गई। पूरे क्षेत्र में नाकेबंदी कर वाहनों की सघन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और आरोपियों की तलाश की जा रही है।
स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में इस घटना के बाद दहशत का माहौल है। हालांकि, पुलिस की ओर से अभी तक इस मामले में किसी संगठन या व्यक्ति की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। इसलिए समाचार में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ताओं और स्थानीय लोगों के दावों पर आधारित हैं, जिनकी पुलिस जांच जारी है।