ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

दो मासूमों के अपहरण और हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Shashi Kant 03 Jun 2026, 12:53 PM 202 views
दो मासूमों के अपहरण और हत्या का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
दोस्ती और भरोसे का फायदा उठाकर वारदात को दिया अंजाम, SIT की जांच में खुला राज
हजारीबाग, 3 जून। कटकमदाग थाना क्षेत्र से 11 वर्षीय बालिका और उसके 3 वर्षीय भाई के अपहरण एवं हत्या के सनसनीखेज मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने आरोपी संजीत पासवान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त स्कूटी और प्लास्टिक का बोरा भी बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार 30 मई को ओला शोरूम के समीप से दोनों बच्चे लापता हो गए थे। बच्चों के पिता की शिकायत पर कटकमदाग थाना में अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। जांच के दौरान 31 मई को कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर स्थित श्मशान घाट से बालिका का शव बरामद हुआ। इसके बाद चलाए गए सर्च अभियान में कुछ दूरी पर उसके छोटे भाई का शव भी मिला। घटनास्थल पर एफएसएल टीम की सहायता से साक्ष्य जुटाए गए और तकनीकी जांच शुरू की गई। सीसीटीवी फुटेज की जांच में एक युवक दोनों बच्चों को स्कूटी पर बैठाकर ले जाता दिखाई दिया। पहचान के बाद पुलिस ने आरोपी संजीत पासवान की तलाश तेज कर दी और 3 जून को उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की बच्ची से पूर्व से पहचान थी। उसने घुमाने और नया मोबाइल दिलाने का झांसा देकर दोनों बच्चों को अपने साथ ले गया। बाद में सुनसान स्थान पर वारदात को अंजाम दिया और साक्ष्य छिपाने का प्रयास किया। पुलिस ने बताया कि त्वरित कार्रवाई, तकनीकी साक्ष्यों और SIT के प्रयासों से मामले का शीघ्र उद्भेदन संभव हो सका। आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।