ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

सऊदी अरब से एक महीने बाद गांव पहुंचा प्रवासी मजदूर सत्येंद्र महतो का शव, मचा कोहराम

Shashi Kant 29 Jul 2026, 11:28 AM 196 views
सऊदी अरब से एक महीने बाद गांव पहुंचा प्रवासी मजदूर सत्येंद्र महतो का शव, मचा कोहराम
पत्नी-बच्चों की चीख-पुकार से गमगीन हुआ माहौल, सड़क दुर्घटना में 25 जून को हुई थी मौत
चतरोचट्टी (बोकारो)। बोकारो जिले के चतरोचट्टी थाना क्षेत्र अंतर्गत कतवारी गांव निवासी प्रवासी मजदूर सत्येंद्र महतो का शव बुधवार सुबह लगभग एक महीने बाद सऊदी अरब से उनके पैतृक गांव पहुंचा। शव के गांव पहुंचते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण उनके घर पहुंचे। वहीं पत्नी, बच्चों और परिजनों के करुण क्रंदन से माहौल बेहद गमगीन हो गया। यह दृश्य देखकर मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं। जानकारी के अनुसार, सत्येंद्र महतो 26 नवंबर 2024 को रोजगार के सिलसिले में सऊदी अरब गए थे। वहां हमद सालेह अल-काफ कॉन्ट्रैक्टिंग एस्टैब्लिशमेंट कंपनी में ट्रक चालक के रूप में कार्यरत थे। बीते 25 जून को सड़क दुर्घटना में उनकी मौत हो गई थी। इसके बाद परिजन लगातार शव के भारत लाए जाने की प्रतीक्षा कर रहे थे। आवश्यक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रियाओं के कारण शव को गांव पहुंचने में करीब एक महीने का समय लग गया। सत्येंद्र महतो अपने पीछे पत्नी, पुत्री प्रीति कुमारी (21 वर्ष) तथा दो पुत्र अरविंद कुमार और मंगेश कुमार (13 वर्ष) को छोड़ गए हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य के निधन से परिजनों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मौके पर प्रवासी मजदूरों के हितों के लिए कार्य करने वाले सिकंदर अली भी पहुंचे। उन्होंने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि विदेशों में काम करने वाले मजदूरों की मृत्यु के बाद शव को भारत लाने में अक्सर लंबा समय लग जाता है। उन्होंने बताया कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी कई मामलों में शव को स्वदेश लाने में महीनों लग चुके हैं। उन्होंने सरकार से ऐसी परिस्थितियों में प्रक्रिया को और सरल एवं त्वरित बनाने की मांग की, ताकि शोकाकुल परिवारों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।