ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

सिंदूर नदी में भाई-बहन के शव मिलने से सनसनी, पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने की निष्पक्ष जांच की मांग

Shashi Kant 01 Jun 2026, 03:59 PM 121 views
सिंदूर नदी में भाई-बहन के शव मिलने से सनसनी, पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने की निष्पक्ष जांच की मांग
पीड़ित परिवार से मिलकर जताई संवेदना, बोले— दोषी मिले तो हो कठोर कार्रवाई
हजारीबाग: सदर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सिंदूर पंचायत भवन के समीप सिंदूर नदी में भाई-बहन के शव मिलने की दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया है। कुछ दिनों से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता दोनों बच्चों के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद होने के बाद मामले को लेकर कई सवाल उठने लगे हैं। रविवार को बहन का शव सिंदूर नदी से बरामद किया गया, जबकि सोमवार को भाई का शव एक कुएं से मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह सदर अस्पताल पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए कहा कि एक साथ दो संतानों को खोना किसी भी परिवार के लिए असहनीय पीड़ा है और यह घटना पूरे समाज को झकझोर देने वाली है। मुन्ना सिंह ने कहा कि इस कठिन समय में वे पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं और उन्हें न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और त्वरित जांच सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने आगे कहा कि यदि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की आपराधिक संलिप्तता सामने आती है, तो दोषियों के खिलाफ कठोरतम कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके और समाज में कानून व्यवस्था के प्रति लोगों का विश्वास बना रहे। मुन्ना सिंह ने दिवंगत बच्चों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति देने की कामना की। गौरतलब है कि पीड़ित परिवार मूल रूप से उत्तर प्रदेश के फैजाबाद का रहने वाला है और वर्तमान में हजारीबाग के कटकमदाग थाना क्षेत्र के कूद में रहकर सड़कों और बाजारों में खिलौने बेचकर अपना जीवनयापन कर रहा था।