झारखंड
⚡ BREAKING
सिलवार खुर्द में क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ, मुन्ना सिंह ने फीता काटकर खिलाड़ियों का बढ़ाया उत्साह
ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की नहीं है कमी, उचित अवसर मिलने पर खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकते हैं : मुन्ना सिंह
हजारीबाग।
सदर प्रखंड अंतर्गत सिलवार खुर्द पंचायत स्थित प्रखंड स्तरीय स्टेडियम गुरुवार को खेल उत्साह, युवा जोश और ऊर्जा से सराबोर नजर आया। सिलवार क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ पूर्व सदर विधानसभा प्रत्याशी मुन्ना सिंह ने फीता काटकर किया। उद्घाटन समारोह में बड़ी संख्या में खिलाड़ी, खेल प्रेमी, अभिभावक, ग्रामीण एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में पहुंचने पर मुन्ना सिंह का खिलाड़ियों और स्थानीय युवाओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया तथा प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के सर्वांगीण विकास, नेतृत्व क्षमता और अनुशासन के निर्माण का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने कहा कि सिलवार खुर्द के युवाओं में खेल के प्रति जो उत्साह, समर्पण और प्रतिभा दिखाई दे रही है, वह पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। ग्रामीण क्षेत्रों में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। गांवों की मिट्टी में ऐसे अनेक खिलाड़ी मौजूद हैं, जिनमें जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने की क्षमता है। आवश्यकता केवल उचित मार्गदर्शन, बेहतर खेल सुविधाओं और निरंतर प्रोत्साहन की है।
मुन्ना सिंह ने युवाओं से नशा और सामाजिक बुराइयों से दूर रहकर खेल और शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने सिलवार क्रिकेट अकादमी के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के साथ-साथ क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी मजबूत करते हैं।
मौके पर पूर्व मुखिया महेंद्र राम प्रजापति, मुखिया प्रतिनिधि उमेश प्रसाद, पंचायत समिति सदस्य ओम प्रकाश देव, प्रधानाध्यापक शैलेश यादव सहित सिलवार क्रिकेट अकादमी के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी और ग्रामीण उपस्थित थे।
