झारखंड
⚡ BREAKING
सलगावां और लुटा गांव में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 13 क्विंटल जावा महुआ नष्ट
अवैध महुआ शराब निर्माण के खिलाफ छापेमारी अभियान, कई घरों की तलाशी; कारोबारी घर छोड़कर फरार
हजारीबाग, कटकमदाग।
कटकमदाग प्रखंड के सलगावां एवं लुटा गांव में अवैध महुआ शराब निर्माण और उसके कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। उत्पाद निरीक्षक सौरभ कुमार झा, सुमितेश कुमार तथा एसआई भुवनेश्वर नायक के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान एक दर्जन से अधिक घरों में तलाशी ली गई। छापेमारी के दौरान अवैध शराब निर्माण में प्रयुक्त जावा महुआ और अन्य सामग्रियां बरामद की गईं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
उत्पाद विभाग की टीम के गांव पहुंचते ही अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही कई लोग अपने घरों में ताला लगाकर फरार हो गए। हालांकि विभागीय अधिकारियों ने बंद घरों के दरवाजे खुलवाकर तलाशी अभियान जारी रखा। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में जावा महुआ तथा शराब निर्माण में उपयोग होने वाले अन्य उपकरण और सामग्री बरामद की गई।
अधिकारियों के अनुसार अभियान के दौरान करीब 12 से 13 क्विंटल जावा महुआ को नष्ट किया गया। विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध शराब निर्माण और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री को रोकने के लिए नियमित निगरानी भी की जा रही है।
उत्पाद विभाग के अधिकारियों ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। विभाग ने आम लोगों से भी अपील की है कि वे अवैध शराब निर्माण या बिक्री की जानकारी मिलने पर तत्काल प्रशासन को सूचित करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
