झारखंड
पद्मश्री महावीर नायक ने तरंग ग्रुप के कलाकारों को किया सम्मानित, पर्यावरण संरक्षण की प्रस्तुति ने जीता दिल
जगन्नाथ महोत्सव-2026 में बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूरे होने पर आधारित नृत्य-नाटिका की सराहना
हजारीबाग/रांची: कला, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में सक्रिय सांस्कृतिक संस्था तरंग ग्रुप, हजारीबाग के कलाकारों को झारखंड के प्रसिद्ध नागपुरी लोकगायक एवं पद्मश्री सम्मान से अलंकृत महावीर नायक ने सम्मानित किया। कलाकारों को यह सम्मान रांची में कला, संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग, झारखंड सरकार द्वारा आयोजित जगन्नाथ महोत्सव-2026 में उत्कृष्ट सांस्कृतिक प्रस्तुति के लिए प्रदान किया गया।
महोत्सव में तरंग ग्रुप ने पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक संदेशपरक नृत्य-नाटिका प्रस्तुत की, जिसे धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती तथा राष्ट्रगीत 'वंदे मातरम्' के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर को समर्पित किया गया। प्रस्तुति के माध्यम से कलाकारों ने जल, जंगल और जमीन की रक्षा, प्रकृति संरक्षण तथा राष्ट्रप्रेम का प्रभावशाली संदेश दिया।
नृत्य-नाटिका में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष, प्रकृति के प्रति उनके समर्पण और वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकता को जीवंत रूप से प्रस्तुत किया गया। कलाकारों के नृत्य, अभिनय और संगीत के समन्वय ने दर्शकों को भाव-विभोर कर दिया और प्रस्तुति को खूब सराहना मिली।
इस अवसर पर पद्मश्री महावीर नायक ने कहा कि कला केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज में जागरूकता और सकारात्मक परिवर्तन लाने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने युवा कलाकारों से झारखंड की लोकभाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का आह्वान करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
तरंग ग्रुप के निदेशक अमित कुमार गुप्ता ने सम्मान के लिए महावीर नायक का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके हाथों सम्मानित होना संस्था और कलाकारों के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि संस्था कला और संस्कृति के संरक्षण के साथ-साथ पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति, महिला सशक्तिकरण और युवा प्रतिभाओं के विकास जैसे सामाजिक विषयों पर लगातार कार्य करती रहेगी।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से अमित कुशवाहा, पूजा कृति, वर्षा कुमारी, लक्ष्मी यादव, राखी कुमारी, मेघा राज, चांदनी कुमारी, संजना कुमारी, दीप ज्योति, सुप्रिया सहित तरंग ग्रुप के अन्य कलाकारों ने प्रस्तुति दी।