ब्रेकिंग
झारखंड

नेशनल पार्क के पास भीषण सड़क हादसा, प्रतियोगी छात्र की दर्दनाक मौत

Shashi Kant 25 Jul 2026, 04:26 PM 127 views
नेशनल पार्क के पास भीषण सड़क हादसा, प्रतियोगी छात्र की दर्दनाक मौत
पिता से फोन पर बात करते-करते हादसे का शिकार हुआ 23 वर्षीय अंकित, राहगीर ने उठाया फोन तो मिली मौत की खबर
हजारीबाग के नेशनल पार्क के समीप देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे 23 वर्षीय छात्र अंकित कुमार की दर्दनाक मौत हो गई। अंकित मूल रूप से गिरिडीह जिले का निवासी था और हजारीबाग में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। वह अपने माता-पिता और दो बहनों के साथ रहता था तथा परिवार का इकलौता बेटा था। इस हादसे के बाद पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जानकारी के अनुसार, अंकित देर रात घर से झंडा चौक जाने की बात कहकर निकला था। रास्ते में उसने अपने पिता को फोन किया और दोनों के बीच बातचीत चल रही थी। तभी अचानक तेज धमाके की आवाज सुनाई दी और कॉल के दौरान ही हादसा हो गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि अंकित की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने सड़क पर पड़े मोबाइल की घंटी बजती देख फोन उठाया। दूसरी ओर अंकित के पिता अपने बेटे को लगातार आवाज दे रहे थे। राहगीर ने उन्हें दुर्घटना और अंकित की मौत की सूचना दी। यह खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत घटनास्थल पहुंचे, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए हजारीबाग सदर अस्पताल भेज दिया। अंकित अपने परिवार की उम्मीदों का केंद्र था और मेहनत के दम पर प्रतियोगी परीक्षा में सफलता हासिल करने का सपना देख रहा था। उसकी असमय मौत से परिजनों सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है तथा प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ कर दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन की तलाश में जुटी है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद हादसे के कारणों का स्पष्ट खुलासा किया जाएगा।