ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

नाले में गिरा सोलर लाइट पोल, शहर की बदहाल व्यवस्था की खोल रहा पोल

Shashi Kant 29 Jul 2026, 11:15 AM 179 views
नाले में गिरा सोलर लाइट पोल, शहर की बदहाल व्यवस्था की खोल रहा पोल
सिद्धू-कान्हू मुर्मू चौक का मामला, रखरखाव पर उठे सवाल; स्थानीय लोगों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग
हजारीबाग, संवाददाता। शहर को रोशन करने और स्मार्ट सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगाया गया सोलर लाइट पोल अब खुद बदहाली का प्रतीक बन गया है। हजारीबाग के सिद्धू-कान्हू मुर्मू चौक स्थित नाले में एक सोलर लाइट पोल गिरा पड़ा है, जो संबंधित विभाग की कार्यशैली और सार्वजनिक संपत्तियों के रखरखाव पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। नाले में गिरे पोल के आसपास प्लास्टिक एवं अन्य प्रकार का कचरा भी जमा है, जिससे जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होती दिखाई दे रही है। बरसात के मौसम में ऐसी स्थिति जलजमाव, गंदगी और संक्रमण की आशंका को और बढ़ा सकती है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि उक्त सोलर लाइट पोल किस विभाग या एजेंसी द्वारा लगाया गया था, लेकिन उसका लंबे समय तक नाले में पड़ा रहना संबंधित जिम्मेदार विभाग की लापरवाही को दर्शाता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शहर के सौंदर्यीकरण और बुनियादी सुविधाओं के विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाते हैं, लेकिन उनके रखरखाव पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जाता। लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि नाले में गिरे सोलर लाइट पोल को अविलंब हटाया जाए, पूरे मामले की जांच कर जिम्मेदारी तय की जाए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।