ब्रेकिंग
झारखंड

मां की बीमारी का बहाना बनाकर 3500 रुपये ठगने की कोशिश, युवती पकड़ाई

Shashi Kant 22 Jun 2026, 10:28 AM 13 views
हटपड़ा सब्जी बाजार में दुकानदार की सतर्कता से नाकाम हुई ठगी, पुलिस कर रही जांच
रांची, संवाददाता संतोष कुमार। रांची के हटपड़ा सब्जी बाजार में ऑनलाइन भुगतान के नाम पर ठगी की कोशिश का एक मामला सामने आया है। एक किशोरी ने अपनी मां की तबीयत खराब होने का हवाला देकर एक सब्जी विक्रेता से 3500 रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर करा लिए और बाद में मौके से भागने का प्रयास किया। हालांकि दुकानदार की सतर्कता और स्थानीय लोगों की मदद से उसे पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया। जानकारी के अनुसार हटपड़ा बाजार में सब्जी विक्रेता वरुण साव अपनी दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान करीब 16 से 17 वर्ष की एक युवती उनकी दुकान पर पहुंची। उसने बताया कि उसकी मां की तबीयत खराब है और उसे तत्काल एक मोबाइल नंबर पर 3500 रुपये ऑनलाइन भेजने हैं। युवती ने कहा कि वह बदले में नकद राशि दे देगी। मानवीय आधार पर भरोसा करते हुए वरुण साव ने उसके बताए नंबर पर 3500 रुपये ट्रांसफर कर दिए। रुपये भेजे जाने के बाद युवती कुछ देर तक वहां रुकी रही, लेकिन बाद में अचानक भागने लगी। इस पर दुकानदार को संदेह हुआ और वह उसके पीछे दौड़ पड़ा। स्थानीय लोगों की मदद से युवती का पीछा कर उसे राज हाई स्कूल रोड के समीप, दुकान से लगभग आधा किलोमीटर दूर पकड़ लिया गया। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को हिरासत में लेकर थाने ले गई। बताया जाता है कि पूछताछ के दौरान युवती अपना नाम और पता स्पष्ट रूप से नहीं बता रही है। स्थानीय लोगों को आशंका है कि इस तरह की घटनाओं के पीछे कोई संगठित गिरोह सक्रिय हो सकता है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए मोबाइल नंबर की भी पड़ताल की जा रही है।