झारखंड
⚡ BREAKING
कटकमदाग में आदिवासी महिला से दुष्कर्म का आरोप, मारपीट में टूटा पैर
दो नामजद आरोपी गिरफ्तार, मेडिकल रिपोर्ट के बाद स्पष्ट होगी दुष्कर्म के आरोप की स्थिति
हजारीबाग। कटकमदाग थाना क्षेत्र में एक आदिवासी महिला के साथ कथित दुष्कर्म और बेरहमी से मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। घटना में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे इलाज के लिए शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। परिजनों के अनुसार, मारपीट के दौरान महिला का पैर टूट गया है। मामले में पुलिस ने दो नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
पीड़िता के अनुसार, वह किराए के मकान में रहकर मजदूरी करती है। उसके पड़ोस में बिहार के कुछ युवक भी किराए पर रहते हैं। महिला की पहचान पड़ोस में रहने वाले एक युवक से थी। आरोप है कि उक्त युवक उसके घर में घुसा और उसके साथ दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि घटना के बाद कुछ अन्य लोग वहां पहुंचे और दरवाजा खुलवाने के बाद उसके साथ मारपीट की। मारपीट में उसे गंभीर चोटें आईं और उसका पैर टूट गया।
घटना के बाद परिजनों ने कटकमदाग थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी ने बताया कि फिलहाल दुष्कर्म के आरोप की पुष्टि नहीं हुई है। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और पुलिस मेडिकल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म के आरोप की स्थिति स्पष्ट होगी।
थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में कई लोगों पर आरोप लगाए गए हैं। इनमें नामजद आरोपी विकास राय और रूदल कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। अन्य आरोपों और घटना के पूरे क्रम की जांच जारी है।
इधर, पीड़िता के परिजनों ने शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में इलाज में लापरवाही का आरोप लगाया है। हालांकि, इस संबंध में अस्पताल प्रबंधन की ओर से आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।