ब्रेकिंग
झारखंड

जैवविविधता संरक्षण के लिए जागरूकता जरूरी : डॉ. के.के. गुप्ता

Shashi Kant 23 May 2026, 07:24 AM 26 views
जैवविविधता संरक्षण के लिए जागरूकता जरूरी : डॉ. के.के. गुप्ता
विभावि जंतु विज्ञान विभाग में अंतरराष्ट्रीय जैवविविधता दिवस पर आयोजित हुआ समारोह
हजारीबाग स्थित विनोबा भावे विश्वविद्यालय के जंतु विज्ञान विभाग में शुक्रवार को अंतरराष्ट्रीय जैवविविधता दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम में स्नातकोत्तर विद्यार्थियों ने जैवविविधता संरक्षण एवं पर्यावरण संवर्धन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक करने का संदेश दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विभागाध्यक्ष डॉ. के. के. गुप्ता ने की। उन्होंने कहा कि मानव गतिविधियों के कारण कई जीव-जंतुओं की प्रजातियाँ और उनके प्राकृतिक आवास तेजी से समाप्त हो रहे हैं। ऐसे में जैवविविधता संरक्षण के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इसकी शुरुआत अपने आसपास के पर्यावरण और प्राकृतिक संसाधनों की रक्षा से करनी होगी। साथ ही हजारीबाग की समृद्ध जैवविविधता एवं पारिस्थितिकी तंत्र के महत्व पर भी विस्तार से प्रकाश डाला। विद्यार्थियों ने पीपीटी प्रस्तुति के माध्यम से विभिन्न विषयों पर अपने विचार रखे। अनुपम ने झारखंड, विशेषकर छोटानागपुर क्षेत्र में खनिज उत्खनन के कारण हाथियों एवं उनके प्राकृतिक आवास पर पड़ रहे दुष्प्रभावों की चर्चा की। वहीं नितेश ने पेड़-पौधों, जीव-जंतुओं और सूक्ष्मजीवों को जीवन का आधार बताते हुए प्राकृतिक संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की आवश्यकता बताई। अभिषेक पाठक ने स्वदेशी एवं मूल प्रजातियों के संरक्षण पर बल दिया। कार्यक्रम में निधि और शालिनी ने सरकार, सामाजिक संगठनों एवं आम नागरिकों की सहभागिता को जैवविविधता संरक्षण के लिए आवश्यक बताया। इस दौरान गौतम एवं परिणय ने “प्रकृति हमारी माँ” और “धरती पर कोलाहल” विषयों पर कविता पाठ कर लोगों को भावुक कर दिया। विद्यार्थियों ने पोस्टर, स्लोगन एवं कोलाज के माध्यम से भी संरक्षण का संदेश दिया। मंच संचालन अभिषेक पाठक ने किया, जबकि सहायक शिक्षक कपिलदेव ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए धन्यवाद ज्ञापन किया।