झारखंड
इलाज के लिए रखे पैसे समेत लाखों की चोरी, परिवार सदमे में
ससुराल गए परिवार के बंद घर का ताला तोड़कर नकदी व जेवरात लेकर फरार हुए चोर
कटकमदाग थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम लूटा में चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपए नकद एवं सोना-चांदी के जेवरात की चोरी कर ली। घटना के बाद पीड़ित परिवार सदमे में है। खास बात यह है कि चोरी हुई रकम में बीमार महिला के इलाज के लिए जमा किए गए पैसे भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार ग्राम लूटा निवासी रविंद्र कुमार दास अपने पूरे परिवार के साथ आमनारी स्थित ससुराल गए हुए थे, जहां उनके ससुर की पुण्यतिथि का कार्यक्रम था। घर में ताला लगा हुआ था। इसी दौरान चोरों ने सूने घर का फायदा उठाकर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ दिया और घर के अंदर प्रवेश कर गए।
चोरों ने घर में रखे सामान को पूरी तरह अस्त-व्यस्त कर दिया। बक्सा और गोदरेज तोड़कर उसमें रखे लाखों रुपए नकद, सोने-चांदी के जेवरात एवं अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी तब हुई जब परिवार वापस घर पहुंचा और घर का ताला टूटा पाया। अंदर का नजारा देखकर परिवार के होश उड़ गए।
पीड़ित रविंद्र दास ने बताया कि उनकी पत्नी सुनीता देवी का इलाज कराने के लिए परिवार जल्द ही वेल्लोर जाने वाला था। इलाज के लिए बड़ी मुश्किल से पैसे जमा किए गए थे, लेकिन चोर वह रकम भी ले गए।
घटना की सूचना कटकमदाग थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। वहीं ग्रामीणों ने क्षेत्र में बढ़ रही चोरी की घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस गश्ती बढ़ाने और जल्द अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
