झारखंड
⚡ BREAKING
हजारीबाग पुलिस का विशेष अभियान, अड्डेबाजी और मनचलों पर कसा शिकंजा
44 टीमों ने 101 ठिकानों पर की छापेमारी, 64 लोगों को चेतावनी देकर छोड़ा गया
जिले में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और सार्वजनिक स्थानों पर अड्डेबाजी एवं मनचले तत्वों की गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से हजारीबाग पुलिस ने शनिवार रात विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षक एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में एक साथ व्यापक स्तर पर छापेमारी अभियान संचालित किया गया।
पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार अभियान के लिए जिलेभर में कुल 44 विशेष टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में 175 पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न थाना क्षेत्रों में चिन्हित स्थानों, सार्वजनिक स्थलों तथा अड्डेबाजी के संभावित ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की गई।
विशेष अभियान के तहत कुल 101 स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान 64 मनचले एवं संदिग्ध गतिविधियों में शामिल पाए गए व्यक्तियों को थाना लाया गया। पूछताछ और सत्यापन के बाद सभी को पीआर बांड पर भविष्य में ऐसी गतिविधियों से दूर रहने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया। वहीं एक व्यक्ति को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा आम नागरिकों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आगे भी इस प्रकार के विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।
साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि उनके क्षेत्र में अड्डेबाजी, असामाजिक गतिविधियां या मनचलों की मौजूदगी की जानकारी हो तो तत्काल नजदीकी थाना को सूचित करें, ताकि सूचना का सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा सके।
