झारखंड
⚡ BREAKING
हजारीबाग होमगार्ड बहाली को मिली रफ्तार, 3 अगस्त से होगा डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन
आदेश जारी होते ही सफल अभ्यर्थियों में खुशी की लहर, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के प्रयासों को बताया नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने का बड़ा कारण
हजारीबाग।
लंबे समय से लंबित हजारीबाग होमगार्ड बहाली प्रक्रिया अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। जिला प्रशासन ने सफल अभ्यर्थियों के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का आदेश जारी कर दिया है। इसके तहत 3 अगस्त से दस्तावेजों का सत्यापन शुरू होगा। आदेश जारी होने के बाद सफल अभ्यर्थियों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर कई अभ्यर्थियों ने पूर्व विधायक अंबा प्रसाद के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने विधानसभा से लेकर मुख्यमंत्री, विभागीय मंत्री, विधानसभा समितियों, जिला प्रशासन और होमगार्ड विभाग के अधिकारियों के समक्ष लगातार इस मुद्दे को उठाया। अभ्यर्थियों का दावा है कि उनके लगातार प्रयासों और दबाव के कारण नियुक्ति प्रक्रिया आगे बढ़ सकी।
अभ्यर्थियों ने यह भी कहा कि तत्कालीन उपायुक्त द्वारा बहाली प्रक्रिया को निरस्त किए जाने के बाद अंबा प्रसाद ने इस मामले को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया था। अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन का आदेश जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर भी कई अभ्यर्थी उन्हें बधाई और धन्यवाद दे रहे हैं।
जिला समादेष्टा कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार, 3 अगस्त से विभिन्न प्रखंडों के अभ्यर्थियों का अलग-अलग तिथियों में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा। अभ्यर्थियों को अपने मूल शैक्षणिक प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, पहचान पत्र तथा पासपोर्ट आकार के फोटो के साथ निर्धारित तिथि पर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है।
प्रशासन ने बताया कि दस्तावेजों के सत्यापन के बाद मेरिट सूची के आधार पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए जाएंगे। इससे जिले के हजारों युवाओं को रोजगार मिलने का मार्ग प्रशस्त होगा।
पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने भी इस अवसर पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे होमगार्ड अभ्यर्थियों की जीत बताया और सभी सफल अभ्यर्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।