ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

गिद्दी सी चेकपोस्ट फायरिंग कांड का खुलासा, राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार

Shashi Kant 06 Jun 2026, 09:39 AM 28 views
गिद्दी सी चेकपोस्ट फायरिंग कांड का खुलासा, राहुल दुबे गिरोह का सक्रिय सदस्य गिरफ्तार
थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन के नेतृत्व में SIT की बड़ी सफलता, हथियार व कारतूस बरामद
हजारीबाग, 06 जून: गिद्दी थाना क्षेत्र के गिद्दी सी चेकपोस्ट के समीप हुई फायरिंग की घटना का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा करते हुए राहुल दुबे गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त हथियार और जिंदा कारतूस भी बरामद किए हैं। इस कार्रवाई को पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार 02 जून 2026 को गिद्दी सी चेकपोस्ट के पास बाइक सवार अपराधियों ने क्षेत्र में दहशत फैलाने की नीयत से फायरिंग की थी। घटना के बाद इलाके में भय और तनाव का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए गिद्दी थाना में कांड संख्या 13/26 दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बड़कागांव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी अनुसंधान, गुप्त सूचना संग्रह और लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने मो. वारिस (22 वर्ष), पिता मो. मुस्तकीम, निवासी पुन्दोल (चंदोल), थाना बड़कागांव को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान उसने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने एक 7.62 एमएम देसी पिस्तौल तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए। पुलिस के अनुसार घटना में दो अन्य अपराधी भी शामिल थे, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जांच में यह भी सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विभिन्न थानों में आर्म्स एक्ट, रंगदारी, हत्या के प्रयास और आपराधिक षड्यंत्र सहित कई गंभीर मामले पूर्व से दर्ज हैं। इस पूरे मामले में गिद्दी थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। उनकी अगुवाई में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महत्वपूर्ण सुराग जुटाए और कम समय में मामले का खुलासा कर दिया। स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना करते हुए इसे अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश बताया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तक अभियान जारी रहेगा।