झारखंड
⚡ BREAKING
गिद्दी पुलिस की बड़ी कार्रवाई
मुठभेड़ में दो अपराधी घायल, एक जंगल का फायदा उठाकर फरार; हथियार, कारतूस और मोबाइल बरामद
गिद्दी। गिद्दी थाना क्षेत्र में किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की कथित तैयारी कर रहे अपराधियों के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस और संदिग्ध अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो आरोपी घायल हो गए, जबकि एक आरोपी जंगल का फायदा उठाकर फरार होने में सफल रहा। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार, कारतूस, खोखे, आपत्तिजनक पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 अगस्त को गिद्दी थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि भुरकुंडा की ओर से राहुल दुबे के कुछ कथित गुर्गे गिद्दी थाना क्षेत्र के कोलियारी और ट्रांसपोर्ट रोड के आसपास किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने के इरादे से पहुंचने वाले हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए गिद्दी थाना प्रभारी मोहम्मद इकबाल हुसैन ने पुलिस टीम को सक्रिय किया।
सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए गिद्दी थाना पुलिस ने उरीमारी थाना प्रभारी एवं सशस्त्र बल के साथ पुराना कांटा घर रोड के आसपास सघन चेकिंग अभियान शुरू किया। इसी दौरान करीब 3:50 बजे भुरकुंडा की ओर से एक मोटरसाइकिल पर तीन संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन वे बाइक मोड़कर भागने लगे। इसी दौरान मोटरसाइकिल गिर गई और तीनों जंगल की ओर भागने लगे।
पुलिस का दावा है कि जंगल की आड़ से संदिग्धों ने पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें बादल कुमार और मोहित कुमार उर्फ पीटर घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल, हजारीबाग भेजा गया है।
घटनास्थल से दो हथियार, कारतूस, खोखे, आपत्तिजनक पर्चे और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। वहीं फरार आरोपी की तलाश में जंगल क्षेत्र में अभियान जारी है। पुलिस मामले की जांच और आगे की कार्रवाई में जुटी है।