झारखंड
⚡ BREAKING
चांदनी होटल में देह व्यापार का भंडाफोड़, 12 गिरफ्तार
छापेमारी में 5 महिलाएं और 7 पुरुष पकड़े गए, चार कमरों से आपत्तिजनक सामान व 10 मोबाइल बरामद
चतरा। सदर थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध देह व्यापार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 महिलाओं समेत 7 पुरुषों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, चतरा-इटखोरी मुख्य मार्ग पर परिसदन के समीप स्थित चांदनी होटल में पिछले कुछ दिनों से देह व्यापार का अवैध कारोबार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। होटल में लगातार युवक-युवतियों के आने-जाने की सूचना पर पुलिस ने कार्रवाई की।
जिला पुलिस कप्तान अनिमेष कुमार नैथानी को मिली गुप्त सूचना के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सन्नी वर्धन के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई। टीम ने सूचना का सत्यापन करने के बाद शुक्रवार को चांदनी होटल में विधिवत छापेमारी की। इस दौरान होटल की अलग-अलग मंजिलों पर स्थित चार कमरों में युवक-युवतियों को आपत्तिजनक स्थिति में पाया गया। पुलिस ने मौके से सभी 12 लोगों को गिरफ्तार कर थाना लाया।
छापेमारी के दौरान कमरों से आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए, जिन्हें पुलिस ने जब्ती सूची तैयार कर जब्त किया। गिरफ्तार लोगों के पास से नौ एंड्रॉयड मोबाइल और एक एपल कंपनी का मोबाइल समेत कुल 10 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके अलावा एक सफेद रंग की अपाचे बाइक और एक लाल रंग की स्कूटी भी जब्त की गई।
मामले में सदर थाना कांड संख्या 354/2026, दिनांक 21 अगस्त 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने बीएनएस की विभिन्न धाराओं के साथ अनैतिक देह व्यापार निवारण अधिनियम की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
कार्रवाई में एसडीपीओ सन्नी वर्धन, थाना प्रभारी अनिल उरांव, एसआई मनीष कुमार, महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज सहित सदर थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।