झारखंड
⚡ BREAKING
चौपारण थाना पहुंचे एसपी अमन कुमार, लंबित कांडों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश
वारंटियों की गिरफ्तारी, फरार अपराधियों पर कार्रवाई तेज करने और लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन पर दिया जोर
चौपारण, हजारीबाग।
हजारीबाग के पुलिस अधीक्षक अमन कुमार ने गुरुवार को चौपारण थाना का औचक निरीक्षण कर अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था और लंबित कांडों की विस्तृत समीक्षा की। थाना परिसर में आयोजित समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने पुलिस अधिकारियों को लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन, वारंटियों की गिरफ्तारी तथा फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में एसपी ने थाना क्षेत्र में दर्ज विभिन्न लंबित मामलों की प्रगति की जानकारी ली और अनुसंधान कार्यों की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन पुलिस की प्राथमिकता है तथा इस कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने आम लोगों की शिकायतों के त्वरित समाधान पर विशेष जोर देते हुए पुलिस और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना में पदस्थापित सभी एएसआई एवं एसआई के साथ अलग-अलग मामलों पर चर्चा की। उन्होंने अनुसंधान के दौरान सामने आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली और उनके समाधान के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही अपराधियों, वारंटियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रखने का निर्देश देते हुए कहा कि कानून का उल्लंघन करने वालों के प्रति किसी भी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।
एसपी ने थाना के अभिलेखों, केस डायरी, लंबित कांडों की स्थिति और प्रशासनिक व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने पुलिस पदाधिकारियों को अनुसंधान की गुणवत्ता बढ़ाने, समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने तथा क्षेत्र में शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का निर्देश दिया।
मौके पर डीएसपी राधा प्रेम किशोर, सर्किल इंस्पेक्टर अनिल कुमार, थाना प्रभारी पंकज कुमार सहित थाना के सभी पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।
