ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

65 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, हजारीबाग पुलिस ने लौटाए गुम मोबाइल

Shashi Kant 27 Aug 2026, 02:31 PM 13 views
65 लोगों के चेहरे पर लौटी मुस्कान, हजारीबाग पुलिस ने लौटाए गुम मोबाइल
सीईआईआर पोर्टल और तकनीकी निगरानी से पुलिस को मिली सफलता, असली धारकों को सौंपे गए मोबाइल
हजारीबाग। जिले में गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी को लेकर हजारीबाग पुलिस की ओर से चलाए जा रहे अभियान को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों से गुम हुए कुल 65 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक धारकों को सौंप दिया। मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों के चेहरे पर खुशी साफ नजर आई। लाभुकों ने पुलिस की इस पहल के लिए आभार जताया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल में दर्ज गुम मोबाइल से संबंधित शिकायतों पर तकनीकी निगरानी के माध्यम से कार्रवाई की गई। तकनीकी शाखा ने मोबाइल फोन की जानकारी और लोकेशन के आधार पर उनकी तलाश शुरू की। अभियान के दौरान अलग-अलग थाना क्षेत्रों से 65 मोबाइल बरामद किए गए। गुरुवार को दोपहर एक बजे पुलिस कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक हजारीबाग की मौजूदगी में बरामद मोबाइल उनके वास्तविक धारकों को सौंपे गए। इस दौरान मोबाइल वापस पाने वाले लोगों के चेहरों पर खुशी देखने को मिली। लोगों ने कहा कि मोबाइल गुम होने के बाद उन्हें उसके वापस मिलने की उम्मीद कम थी, लेकिन पुलिस की सक्रियता से उनका मोबाइल दोबारा उनके हाथ में पहुंच गया। मोबाइल बरामदगी अभियान में तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारियों के साथ जिले के सभी थाना प्रभारियों और पुलिसकर्मियों की भूमिका अहम रही। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक अभियान, पुलिस उपाधीक्षक मुख्यालय, तकनीकी शाखा के पुलिस पदाधिकारी एवं अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। सीईआईआर पोर्टल के प्रभावी इस्तेमाल से गुम मोबाइलों की बरामदगी कर पुलिस ने आम लोगों को बड़ी राहत दी है। इस पहल से पुलिस और आम जनता के बीच भरोसा और मजबूत हुआ है।