झारखंड
⚡ BREAKING
29-30 मई को झारखंड में मौसम का कहर, कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी
रांची: झारखंड में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 29 और 30 मई को राज्य के अधिकांश जिलों में तेज आंधी, बारिश और वज्रपात को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिससे जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है।
मौसम विभाग ने रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, धनबाद, खूंटी, गुमला, लोहरदगा, कोडरमा, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में खराब मौसम की चेतावनी जारी की है। विभाग ने बताया कि कई इलाकों में गरज-चमक के साथ भारी बारिश और वज्रपात की संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने की अपील की है। खासकर खुले मैदानों, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के पास खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है। किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को भी विशेष सावधानी बरतने को कहा गया है, क्योंकि तेज हवाओं और बारिश से फसलों और कच्चे मकानों को नुकसान पहुंच सकता है।
प्रशासन ने संभावित आपदा को देखते हुए संबंधित विभागों को अलर्ट मोड पर रहने का निर्देश दिया है। आपदा प्रबंधन विभाग ने लोगों से मौसम संबंधी अपडेट पर लगातार नजर बनाए रखने और जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। लगातार बदलते मौसम को देखते हुए लोगों में भी चिंता का माहौल बना हुआ है।
