ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

24 घंटे में विक्की सोनी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Shashi Kant 10 Jun 2026, 07:03 AM 92 views
24 घंटे में विक्की सोनी हत्याकांड का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी जांच और एसआईटी की कार्रवाई से मिली सफलता, लूट और चोरी के कई मामलों में संलिप्तता स्वीकार
हजारीबाग, बरही थाना क्षेत्र के करसो पुल के समीप युवा व्यवसायी विक्की कुमार सोनी की हत्या मामले का हजारीबाग पुलिस ने 24 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिन्होंने पूछताछ के दौरान अपना अपराध स्वीकार कर लिया है। दोनों आरोपियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है तथा उन्होंने पूर्व में हुई कई लूट और चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। जानकारी के अनुसार 8 जून 2026 को हजारीबाग के ओकनी निवासी विक्की कुमार सोनी अपने एक मित्र के साथ कोडरमा जा रहे थे। इसी दौरान बरही थाना क्षेत्र अंतर्गत करसो पुल के पास अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी, जिससे उनकी मृत्यु हो गई। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मामले के उद्भेदन के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया। एसआईटी ने तकनीकी विश्लेषण और सूक्ष्म जांच के आधार पर बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज निवासी विक्रम कुमार साव (25 वर्ष) तथा गया जिले के वजीरगंज थाना क्षेत्र के चंदा खुर्द निवासी दिलीप कुमार (25 वर्ष) को गिरफ्तार किया। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन तथा मृतक द्वारा उपयोग की जा रही ग्रे रंग की हुंडई कार (संख्या JH02AE-0232) बरामद की है। मामले में अन्य आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई में बरही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राधाप्रेम किशोर, बरही थाना प्रभारी विनोद कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह, राजबल्लभ यादव, राजेश भोक्ता, तकनीकी शाखा हजारीबाग एवं बरही थाना के सशस्त्र बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।