ब्रेकिंग
झारखंड

यातायात नियम तोड़ने वालों पर हजारीबाग पुलिस की सख्ती

Shashi Kant 23 May 2026, 08:54 AM 64 views
यातायात नियम तोड़ने वालों पर हजारीबाग पुलिस की सख्ती
विशेष अभियान में 150 से अधिक वाहन चालकों का चालान, हेलमेट और ट्रैफिक नियमों के पालन की अपील
हजारीबाग पुलिस द्वारा सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को लेकर शुक्रवार को जिले में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यह अभियान पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी एवं पुलिस टीम की मौजूदगी में संचालित किया गया। अभियान के तहत बिना हेलमेट, ट्रिपल लोड, बिना ड्राइविंग लाइसेंस एवं यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की गई। झील त्रिमूर्ति चौक के पास चलाए गए वाहन जांच अभियान में बड़ी संख्या में नियम तोड़ने वाले वाहन चालकों को पकड़ा गया। पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार बिना हेलमेट वाहन चलाने वाले 98 वाहन चालकों का चालान काटा गया। वहीं ट्रिपल लोड में चल रहे 22 वाहनों पर कार्रवाई की गई। मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए वाहन चलाने वाले दो चालकों तथा बिना इंश्योरेंस के 28 वाहनों का भी चालान किया गया। इस अभियान के लिए पुलिस उपाधीक्षक सीसीआर के नेतृत्व में यातायात थाना प्रभारी सहित पांच पुलिस पदाधिकारियों और दस गृहरक्षकों की टीम गठित की गई थी। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन और सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने की अपील की। साथ ही लोगों से अन्य वाहन चालकों को भी जागरूक करने का आग्रह किया गया।