झारखंड
⚡ BREAKING
पतरातू में राहुल दुबे गैंग पर पुलिस का बड़ा प्रहार, हथियारों के साथ 6 अपराधी गिरफ्तार
बड़ी वारदात की साजिश नाकाम, पुलिस ने पिस्टल, 34 कारतूस और तीन बाइक किए बरामद
रामगढ़ जिले के पतरातू थाना क्षेत्र में सक्रिय राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे गिरोह के छह सक्रिय अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक विधि-विरुद्ध किशोर को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोडेड देसी पिस्टल, 34 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन, तीन मोटरसाइकिल और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
रामगढ़ एसपी मुकेश कुमार लुणायत ने मंगलवार को प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिलने के बाद अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पतरातू के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया था। तकनीकी साक्ष्य और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सभी आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार अपराधियों में विकास साव, विशाल कुमार, बिट्टू कुमार रवि, हीरालाल कुमार, दिगंबर प्रजापति उर्फ डेगन तथा एहतेशाम अंसारी उर्फ दुर्लभ शामिल हैं। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने पतरातू रेलवे फ्लाईओवर, ओसम डेयरी प्लांट और अल्ट्राटेक सीमेंट प्लांट में हुई फायरिंग की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है।
पुलिस के अनुसार गिरोह क्षेत्र में दहशत फैलाकर रंगदारी और आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने की तैयारी में था। गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। विकास साव और दिगंबर प्रजापति पर आर्म्स एक्ट, रंगदारी और हत्या के प्रयास जैसे कई मामले दर्ज हैं।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट और भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
