ब्रेकिंग
झारखंड

कारगिल विजय दिवस पर छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि

Shashi Kant 25 Jul 2026, 04:31 PM 112 views
कारगिल विजय दिवस पर छात्राओं ने रंगोली के माध्यम से वीर शहीदों को दी श्रद्धांजलि
परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, चरही में रंगोली प्रतियोगिता आयोजित, महापौर व थाना प्रभारी ने बढ़ाया छात्राओं का उत्साह
चरही (हजारीबाग)। कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को परियोजना बालिका उच्च विद्यालय, चरही में देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत रंगोली प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं ने कारगिल युद्ध के वीर शहीदों को रंगों के जरिए भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। देशभक्ति की थीम पर बनाई गई आकर्षक रंगोलियों ने सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम में कारगिल वीर शहीदों के परिजन विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में हजारीबाग के महापौर अरविन्द कुमार राणा तथा चरही थाना प्रभारी अजित कुमार ने कार्यक्रम में भाग लिया। अतिथियों ने छात्राओं की रंगोलियों का अवलोकन कर उनकी रचनात्मकता, देशभक्ति और कला कौशल की सराहना की तथा उन्हें भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि कारगिल विजय दिवस भारतीय सेना के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान का प्रतीक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, अनुशासन और शहीदों के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करते हैं तथा युवाओं को देशसेवा के लिए प्रेरित करते हैं। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने कारगिल के अमर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके अद्वितीय बलिदान को नमन किया। विद्यालय परिसर में पूरे आयोजन के दौरान देशभक्ति का माहौल बना रहा और छात्राओं ने अपनी कलात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से वीर सैनिकों के प्रति सम्मान प्रकट किया।