झारखंड
⚡ BREAKING
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद पर हजारीबाग में छात्रों का हल्लाबोल
गांधी मैदान में जुटे हजारों छात्र, पुतला दहन को लेकर पुलिस से हुई तनातनी; स्थिति बिगड़ने पर हल्का बल प्रयोग
हजारीबाग। झारखंड में JPSC और JSSC-CGL परीक्षा को लेकर चल रहा विवाद शुक्रवार को हजारीबाग में भी उग्र रूप लेता नजर आया। राज्य सरकार की ओर से परीक्षाओं को रद्द किए जाने के फैसले के बाद चयनित अभ्यर्थियों के विरोध और झारखंड हाईकोर्ट के आदेश के बीच छात्रों का आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। इसी कड़ी में शुक्रवार को राज्य के सभी 24 जिलों में सरकार के खिलाफ पुतला दहन का कार्यक्रम आयोजित किया गया।
हजारीबाग में बड़ी संख्या में छात्र गांधी मैदान पहुंचे। छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला दहन करने की तैयारी की। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और सुरक्षा बलों की बड़ी संख्या में तैनाती की गई थी। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने छात्रों से पुतला दहन नहीं करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की लगातार अपील की।
बताया गया कि पुलिस की अपील के बावजूद प्रदर्शनकारी छात्र आगे बढ़ते रहे। देखते ही देखते पुलिस और छात्रों के बीच तनातनी की स्थिति बन गई। स्थिति गंभीर होने पर पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया। इसके बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि परीक्षा और नियुक्ति को लेकर सरकार के फैसलों से हजारों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। छात्र इस पूरे मामले में स्पष्ट और न्यायसंगत निर्णय की मांग कर रहे हैं।
वहीं, पुलिस प्रशासन का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता थी। किसी भी अप्रिय स्थिति को रोकने के लिए पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
JPSC-JSSC परीक्षा विवाद को लेकर अब छात्रों और सरकार के बीच टकराव की स्थिति लगातार बढ़ती जा रही है। आने वाले दिनों में इस आंदोलन का रुख क्या होगा, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।