झारखंड
⚡ BREAKING
हजारीबाग में रातभर चला विशेष अभियान, 31 अपराधी गिरफ्तार
महिला अपराध और पोक्सो मामलों के फरार अभियुक्तों पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 31 वारंट और कुर्की का निष्पादन
हजारीबाग, 4 जून।
पुलिस अधीक्षक हजारीबाग के निर्देश पर जिले में महिलाओं से संबंधित अपराधों तथा पोक्सो मामलों में फरार चल रहे अभियुक्तों, वारंटियों और अपराधियों के खिलाफ बुधवार रात विशेष समकालीन छापेमारी अभियान चलाया गया। जिले के सभी पुलिस उपाधीक्षकों एवं पुलिस निरीक्षकों के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में बड़ी सफलता हासिल करते हुए कुल 31 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अभियान के लिए जिलेभर में थाना प्रभारियों के नेतृत्व में कुल 29 टीमों का गठन किया गया था। इन टीमों में लगभग 87 पुलिस पदाधिकारी एवं जवानों को शामिल किया गया था। सभी टीमों ने अपने-अपने क्षेत्रों में देर रात तक छापेमारी कर फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की।
अभियान के दौरान विभिन्न मामलों में कुल 31 अपराधियों को गिरफ्तार किया गया। इसके साथ ही 31 वारंट एवं कुर्की आदेशों का भी सफलतापूर्वक निष्पादन किया गया। पुलिस का कहना है कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों में शामिल आरोपियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
पुलिस अधीक्षक ने आम नागरिकों से भी सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि यदि किसी क्षेत्र में कोई अपराधी गिरफ्तारी के डर से छिपकर रह रहा है या फरार है, तो उसकी सूचना तत्काल नजदीकी थाना को दें। सूचना प्राप्त होने पर उसका सत्यापन कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हजारीबाग पुलिस का यह अभियान जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
