ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

चतरा में नदी में नहाने गए तीन दोस्तों में दो की मौत, तीसरे की तलाश

Shashi Kant 04 Sep 2026, 09:46 AM 105 views
चतरा में नदी में नहाने गए तीन दोस्तों में दो की मौत, तीसरे की तलाश
घुरणाडीह नदी में अलग-अलग स्थानों से मिले दो शव, पहचान नहीं हो सकी
चतरा। सदर थाना क्षेत्र के कड़गु पटेर स्थित घुरणाडीह नदी में पिकनिक मनाने पहुंचे तीन दोस्तों के साथ संदिग्ध परिस्थितियों में हादसा हो गया। नदी में नहाने गए तीन लोगों में से दो के शव अलग-अलग स्थानों से बरामद किए गए हैं, जबकि तीसरे व्यक्ति का अब तक कोई सुराग नहीं मिला है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, तीनों नदी के समीप पिकनिक मनाने पहुंचे थे। बताया गया कि नहाने से पहले उन्होंने मौके पर पास्ता बनाकर खाया और इसके बाद नदी में नहाने चले गए। कुछ देर बाद सड़क किनारे और नदी के पास दो शव पड़े होने की सूचना ग्रामीणों को मिली। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पहचान कराने का प्रयास शुरू किया, लेकिन समाचार लिखे जाने तक पहचान नहीं हो सकी थी। घटनास्थल से तीन जोड़ी चप्पल, दो स्कूल बैग, माचिस, मलहम, डेटोल, डिस्पोजल प्लेट-कटोरी और पानी की बोतल समेत कई सामान बरामद हुए हैं। तीसरे व्यक्ति को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा अस्पताल ले जाने की चर्चा भी है, लेकिन वहां उसके भर्ती होने की पुष्टि नहीं हुई। पुलिस ने तीसरे व्यक्ति की तलाश तेज कर दी है। मौत के वास्तविक कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होने की उम्मीद है।