ब्रेकिंग
झारखंड ⚡ BREAKING

बरही में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, देसी रिवाल्वर व कारतूस के साथ एक गिरफ्तार

Shashi Kant 09 Jul 2026, 02:35 PM 277 views
बरही में अवैध हथियार तस्करी का भंडाफोड़, देसी रिवाल्वर व कारतूस के साथ एक गिरफ्तार
रामगढ़ से हथियार लाकर हजारीबाग में ऊंचे दाम पर बेचने वाले गिरोह का खुलासा, पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी।
हजारीबाग। बरही थाना क्षेत्र के रसोईयाधमना गांव में अवैध हथियारों की खरीद-बिक्री करने वाले गिरोह का पुलिस ने पर्दाफाश करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से एक देसी रिवाल्वर, दो जिंदा कारतूस, एक मिसफायर कारतूस, एक एंड्रॉयड मोबाइल फोन तथा सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल (संख्या– JH02 AM 5798) बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी रामगढ़ जिले के भुरकुंडा क्षेत्र से अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग के विभिन्न इलाकों में ऊंचे दाम पर बेच रहे हैं। सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (बरही) राधा प्रेम किशोर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। टीम में थाना प्रभारी विनोद कुमार सहित कई पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। तकनीकी शाखा से प्राप्त लोकेशन के आधार पर पुलिस रसोईयाधमना गांव पहुंची, जहां एक संदिग्ध युवक पुलिस वाहन देखकर भागने लगा। पुलिस ने पीछा कर उसे दबोच लिया। पूछताछ में उसने अपनी पहचान मोहम्मद आमिर सोहेल उर्फ राजा बाबू के रूप में बताई। कड़ी पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वह अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर एक गिरोह संचालित करता है। गिरोह के सदस्य रामगढ़ जिले के भुरकुंडा थाना क्षेत्र से कम कीमत पर अवैध हथियार खरीदकर हजारीबाग में ग्राहकों को तलाशते थे और अधिक दाम पर बेचकर मुनाफा कमाते थे। आरोपी की निशानदेही पर गिरोह के अन्य सदस्यों के नाम भी सामने आए हैं। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध हथियारों के कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और ऐसे मामलों में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।