झारखंड
⚡ BREAKING
आरबीआई अधिकारी बनकर लाखों की ठगी का आरोप, पीड़ित ने थाना में दर्ज कराई शिकायत
48,850 रुपये ऑनलाइन व 40 हजार नकद लेने का आरोप, आरोपी पर पहले से भी दर्ज है धोखाधड़ी का मामला
हजारीबाग। खुद को भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) का अधिकारी बताकर लोगों से धोखाधड़ी करने का मामला सामने आया है। इस संबंध में हजारीबाग निवासी अमन कुमार ने थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी विक्की प्रसाद वर्मा उर्फ अनीश कुमार पर धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। आवेदन में कहा गया है कि आरोपी ने उनसे 48,850 रुपये ऑनलाइन तथा 40 हजार रुपये नकद लिए, लेकिन बाद में न तो वादा पूरा किया और न ही पैसे लौटाए।
पीड़ित ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि आरोपी रामगढ़ जिले के राइडर मोड़ का रहने वाला है तथा उसके खिलाफ पहले भी हजारीबाग के बड़ा बाजार ओपी में कांड संख्या 461/22 के तहत धोखाधड़ी का मामला दर्ज है।
आवेदन के अनुसार, पूर्व मामले में आरोपी पर जयप्रभा नगर निवासी शिखा यादव से लोन माफ कराने के नाम पर ₹6.45 लाख, उनके भाई सतीश कुमार से करीब ₹3 लाख, रंजन कुमार से करीब ₹2 लाख तथा आशीष कुमार से एसबीआई की शाखा खुलवाने के नाम पर करीब ₹2 लाख की ठगी करने का आरोप है।
पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर अपने पैसे वापस दिलाने तथा आरोपी के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि किसी भी व्यक्ति के झांसे में आकर बिना सत्यापन के पैसे न दें, ताकि इस प्रकार की कथित धोखाधड़ी का शिकार होने से बचा जा सके।
नोट: यह समाचार थाना में दिए गए लिखित आवेदन में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी। आरोपी का पक्ष सामने आने पर उसे भी प्रकाशित किया जाना चाहिए।